Thursday, November 19, 2026

बेटी जागो

बेटी जागो !
सुबह हो गई 
जीवनदायिनी धुप भी 
खिड़की से झाँकरही है 
और चलने लगी है 
प्राणदायिनी हवा भी। 

बेटी जागो !
अपनी पुस्तक खोलो 
और अपना पाठ पढ़ो 
जीवन संवारों अभी से 
जैसे किसान वर्षा से पहले 
तैयार कर लेता है खेत भी। 

बेटी जागो !
सोने से जीवन नहीं बनेगा 
मेहनत करो और 
पसीने की बूंदें बहाओ 
इतना ज्ञान अर्जित करो कि 
नहीं हाथ फैलाना पड़े 
जीवन में कभी भी। 

बेटी जागो !
प्रातः की बेला सदा 
नई ताजगी लेकर आती है 
उमंगों का दीप जलाकर
इसका स्वागत करो 
और ज्ञान की ज्योति से
संसार का भी। 




--------------- 




Monday, November 16, 2026

आज भी शिद्दत से याद आती है

तुम्हारी बाहों का प्यारा आलिंगन
तुम्हारा वह लंबा और गहरा स्पंद
तुम्हारी मधुर-धीमी फुसफुसाहटें
तुम्हारे कपोलों से छलकती लाज 
आज भी शिद्दत से याद आती है। 

तुम्हारे मखमली आगोश की रातें 
तुम्हारे अधरों का वह अमृत मधु 
तुम्हारी नींद से बोझिल वो पलकें 
तुम्हारी यादों की  महकती साँसें    
आज भी शिद्दत से याद आती है।

तुम्हारी रेशमी जुल्फों  की  छाँव
तुम्हारे स्पर्श की वो मीठी तपिश
तुम्हारे प्यार भरे आँखों के इशारे
तुम्हारी चूड़ियों की खनकती धुन 
आज भी शिद्दत से याद आती है।

तुम्हारी हथेलियों की वो गर्माहट 
तुम्हारा छुप कर मेरे पास आना 
तुम्हारा घूँघट की ओट शरमाना 
तुम्हारे आँचल की मुलायम हवा 
आज भी शिद्दत से याद आती है।


Thursday, November 12, 2026

चूड़ियां

वो 
एक-एक लड्डू 
सब की थाली में 
रखते जा रही थी 

साथ में  
चूड़ियां खनकाती 
जा रही थी 

बेटे के 
ससुराल से आई है 
सबको बताती 
जा रही थी।  

हमने देखा है

समय बहुत तेजी से
बीत रहा है, 
किसी भी पीढ़ी ने 
इतना बदलाव नहीं देखा 
जितना हमने देखा है। 

पारंपरिक
जीवनशैली से लेकर,
आधुनिक डिजिटल
युग तक का सफर
हमने देखा है।

चिट्टियां, रेडिओ और 
ग्रामोफोन से लेकर
वीडियो कॉल और
स्मार्टफोन तक का सफर
हमने देखा है।

चूल्हे में उपला और 
लकड़ी से लेकर
गैस चूल्हा, इंडक्शन,
माइक्रोवेव तक का सफर
हमने देखा है।

कच्चे रास्तों और
पगडंडियों की जगह
कंक्रीट की सड़कें और
एक्सप्रेसवे तक का सफर
हमने देखा है।

बैलगाड़ियों, बगियों
और तांगों की जगह
सुपरफास्ट ट्रेनों और 
बुलेट ट्रैन तक का सफर
हमने देखा है।

बही-खातों और
नगद लेन-देन की जगह
कम्प्यूटरों और डिजिटल
भुगतान तक का सफर
हमने देखा है।

भारी भरकम विश्वकोश
और किताबों की जगह
एक क्लिक पर उपलब्ध
सम्पूर्ण ज्ञान का भण्डार 
हमने देखा है।

इतना बदलाव इतिहास के
किसी भी कालखंड में
नहीं मिलता जितना 
हमने देखा है।

Tuesday, November 10, 2026

दुखों को मिटा कर रहूँगा

मैं मनुष्य के जीवन से 
दुखों को सदा - सदा के लिए 
मिटाकर रहूंगा,
इसके लिए मैं सब कुछ करूंगा। 

चाहे बढई से कुल्हाड़ी मांगनी पड़े, 
चाहे नाई से उस्तरा मांगना पड़े,
चाहे दर्जी से कैंची मांगनी पड़े, 
लेकिन मैं मनुष्य के जीवन से 
दुखों को मिटा कर रहूँगा।

चाहे लोहार से हथौड़ा मांगना पड़े, 
चाहे सुनार से संडासी मांगनी पड़े, 
चाहे मोची से सूजा मांगना पड़े, 
लेकिन मैं मनुष्य के जीवन से 
दुखों को मिटा कर रहूँगा।

चाहे किसान से हल मांगना पड़े, 
चाहे माली से खुरपी मांगनी पड़े, 
चाहे माझी से चप्पू मांगना पड़े, 
लेकिन मैं मनुष्य के जीवन से 
दुखों को मिटा कर रहूँगा।

मैं इन सबको साथ लूँगा, 
और मनुष्य के जीवन से 
दुखों को मिटा कर रहूँगा।