कानून
पर कटा कबूतर
जख्म बनते नासूर।
फाइलें
ऊपर नहीं आती
हाथ खुला चाहती।
तारीखें
हर महीने पड़ती
जर्जर देह लड़ती।
सौ गुनाह
स्वतंत्र विचरण
बेल का वरण।
पहले मैं
गांव में रहता था
घर बहुत बड़ा था
दुनिया छोटी थी।
अब मैं
शहर में रहता हूँ
घर छोटा है
दुनिया बहुत बड़ी है।
सड़क किनारे
फैले कंकरीट में
पीपल की फूटती जड़ ने,
नल से टपकती
पानी की बूंदों को पीती
चिड़िया से पूछा -
क्या हमें हमारी जमीन
कभी वापस मिलेगी ?