Friday, November 27, 2026

गाँव की मिटटी की महक

गाँव की मिट्टी की महक 
सदा मेरे संग 
बसी रहती है,
जब भी याद आती है
मैं आँखें मूँदकर,
स्मृतियों के रथ पर
सवार हो, 
गाँव की गलियों में 
विचरने निकल पड़ता हूँ, 
जहाँ दूरियों की
कोई सीमा नहीं,
उम्र का कोई
बंधन नही।  

वह पीपल की छाँव,
वह सती दादी का चबूतरा,
वह पाठशाला का कमरा,
वह रोहिड़ा वाला खेत,
वह बैलगाड़ियों की खनक,
वह पनघट को जाती गौरैयाँ,
वह मित्रों की अल्हड़ टोलियाँ 
और वो गायों के झुण्ड। 

मैं गाँव की गलियों में
रम जाता हूँ,
और मिट्टी की 
ताज़ा सोंधी सुगंध
फिर साँसों में समा लेता हूँ। 


No comments:

Post a Comment