Saturday, March 29, 2025

रति के आँचल में बसंत मचलने लगा

वसंतोत्सव पर यौवन बहकने लगा  
तन हर्षित मन  पुलकित होने लगा 
मलय  पवन धरा पर इठलाने लगी    
शहदिली रातों का दीप जलने लगा। 

मौसम का मिजाज भी बदलने लगा 
जंगल में गुलमोहर भी दहकने लगा
तन दहकने और सांसे महकने लगी 
प्रेयसी पर मिलन उन्माद छाने लगा। 

बन-बाग़न में अमुआ भी बौराने लगा 
फूलों की गंध से चमन महकने लगा 
प्रिया को प्रियतम की याद आने लगी 
अंग-अंग अगन से अनंग जलने लगा। 

बागो में भंवरा कलियों से मिलने लगा 
चिरैया के नाच पर चिरौटा झूमने लगा 
बागो में कोयल कुहू- कुहू बोलने लगी 
रति के आँचल में बसंत मचलने लगा। 








Saturday, March 8, 2025

शब्दों का प्रयोग

शब्दों से मत गिराओ पत्थर 
शब्दों से मत चलाओ नस्तर 
शब्दों से मत चुभाओ खंजर
शब्दों से मत निकालो जहर । 

शब्दों में भरो प्यार का गुंजन 
शब्दों में लाओ मृदु मुस्कान 
शब्दों से बहाओ सुख सुमन 
शब्दों से करदो दुःख समन। 

शब्दों से गावों गीत उजास 
शब्दों में लावो प्रीत हुलास 
शब्दों से झरे सदा मधुमास
शब्दों में बहे सदा परिहास।  

शब्द लगे सदा ही रसमय 
शब्द बने सदा ही सुखमय
शब्द निकले सदा मधुमय
शब्द झरे सदा ही प्रेममय। 




Sunday, March 2, 2025

आस्था का केंद्र कुम्भ

महाकुम्भ के पावन पर्व को पहचानो 
त्रिवेणी  में नहाना  है ह्रदय  में ठानो 
मिलता सैकड़ों वर्षों में ऐसा अवसर  
कुम्भ को जीवन का सुअवसर जानो। 

कुम्भ के महात्म्य को समझना सीखो 
आगम - निरागम को समझना सीखो 
मिलता है नसीबों से  सुहाना अवसर 
संतो के दर्शनों का लाभ लेना सीखो।  

कुम्भ  हमारी संस्कृति की पहचान है 
यह गंगा,यमुना,सरस्वती का संगम है 
यह करोड़ों जनों केआस्था का केंद्र है 
कुम्भ भारत को ईश्वर का वरदान है। 

कुम्भ में स्नान करने जो भक्त जाते हैं  
एक डुबकी में सारे पाप कट जाते हैं 
शृद्धा भक्ति से पूजन करने वाले सदा
संतों के आशीर्वाद को प्राप्त करते हैं।