Showing posts with label साँस की कीमत. Show all posts
Showing posts with label साँस की कीमत. Show all posts

Saturday, September 24, 2011

साँस की कीमत

माँ ने रोज 
की तरह सूर्यास्त से
पहले ही खाना खा लिया

सुबह के लिए
स्नान घर में पानी की बाल्टी
अपने पहने के कपड़े भी रख लिए 

कबूतरों को सवेरे
दाना डालने वाला कटोरा
भी भर कर कमरे मे रख लिया

गीता और माला
हमेशा की तरह
सिरहाने रखना नहीं भूली

प्रातः बेला में
जब उठी तो कहने लगी
थोड़ा जी घबरा रहा है 

हम कुछ समझ पाते
इतने में ही मृत्यु ने बाज की तरह
झपटा मारा और
 ले उड़ी माँ की साँसों को 

एक क्षण पहले तक 
जो माँ जीवित थी
दूसरे ही क्षण शव बन चुकी थी 

नहीं जगा पाया
माँ को मेरा विलाप
बहुओ और पोतो का आर्तनाद 

वे  हमारी
आवाज की दुनियां से 
अब बहुत दूर जा चुकी थी

मैंने अपने जीवन में
आज पहली बार
एक साँस की कीमत को
पहचाना था। 

कोलकत्ता
२४ सितम्बर, २०११

(यह कविता  "कुमकुम के छींटे" नामक पुस्तक में प्रकाशित है )