Showing posts with label बचपन. Show all posts
Showing posts with label बचपन. Show all posts

Friday, December 10, 2021

बचपन



मेरा मन तो आज भी 
उस बचपन को जीना चाहता है, 
माँ  के पल्लू के पीछे 
एक बार फिर से छिपना चाहता है। 

बेपरवाह हो कर 
भोलेपन से मिलना चाहता है, 
मासूमियत भरी मस्ती में 
फिर से लौट जाना चाहता है। 

चंचल चपल हो कर
फ़िक्र को धूंए में उड़ाना चाहता है,
बचपन के साथियों के संग 
फिर नादानियाँ करना चाहता है। 

मासूमियत भरा दिल लेकर
जी भर दौड़ लगाना चाहता है,
छुपे दोस्तों को ढूँढ कर 
फिर से खिलखिलाना चाहता है। 

बचपन की गलियों में 
एक बार फिर खेलना चाहता है
बरखा के बहते पानी में 
कागज की नाव चलना चाहता है। 

भोली सी शैतानियों संग 
मीठी मुस्कानों को जीना चाहता है,
बचपन की खुशियों भरे 
झोले को फिर से ढूंढना चाहता है। 














Friday, June 25, 2010

बचपन

o


बारह बर्ष की  
बाली उम्र में जब
खेलने-कूदने,पढने लिखने
 और मौज मस्ती के दिन थे
 उस समय ससुराल में पाँव रखा 

घूँघट में रहना
कम बोलना,ज्यादा सुनना
मुस्कुराना और सहना
सब कुछ तुमने सीखा 

गृहस्थी को संभाला
बच्चों को पढाया लिखाया
बहुओं और पोते पोतियों को
संभालते सँभालते
शैशव और यौवन दोनों बीत गये

हाथो में मेहंदी लगाते-लगाते
बालो में मेहंदी लगाने के
दिन आ गये 

आज वो अपने पोते-पोतियों
के साथ बैठ कर
अपने बचपन को फिर से
जीने लगी है

बचपन में खेले 
डेंगा-पानी का खेल
गुड्डा -गुड्डियों का खेल
आँख मिचौनी का खेल 

बच्चों को सुनाते-सुनाते
उसके चहरे पर एक बार फिर से 
बारह वर्ष वाली बाली उम्र की
हँसी लौट आती है।  

सुजानगढ़  
२५ जून, २०१०

(यह कविता "कुमकुम के छींटे" नामक पुस्तक में प्रकाशित  है )