Showing posts with label सारी बातें खत में लिखना. Show all posts
Showing posts with label सारी बातें खत में लिखना. Show all posts

Thursday, December 8, 2022

सारी बातें खत में लिखना

कैसा है चौमासा - खत में लिखना 
तालतलैया भर जाए  - तब लिखना 
हाँ, लिखना - क्या बोया है खेतों में 
सारी बातें लिखना खत में ।  

गैया कब बछड़ा देगी - खत में लिखना 
गुनगुनाए धान की कोठी - तब लिखना 
हाँ, लिखना - कितना साहूकार ले गया 
सारी बातें लिखना खत में ।  

बातें दादी की - खत में लिखना 
ससुराल से आए बड़की - तब लिखना 
हाँ, लिखना - कैसी है फुलकी बहना 
सारी बातें लिखना खत में ।  

गौना कब होगा - खत में लिखना 
कक्का फ़ौज से आए - तब लिखना 
हाँ, लिखना - कैसी है माँ की कमरिया 
सारी बातें लिखना खत में ।  

गांव की ख़बरें - खत में लिखना
मनरेगा में काम मिले - तब लिखना 
हाँ, लिखना - कितना लेता है पटवारी  
सारी बातें लिखना खत में ।