Showing posts with label मेरे प्यारे देशवासियों. Show all posts
Showing posts with label मेरे प्यारे देशवासियों. Show all posts

Friday, January 27, 2023

मेरे प्यारे देशवासियों

चुनावों के समय 
मतदाताओं को रिझाने के लिए 
राजनैतिक पार्टियों द्वारा 
अगणित प्रलोभनों की फसल 
तैयार की जाती है 

टेलीविजन के माध्यम से 
समाचार पत्रों के माध्यम से 
घोषणा पत्रों के माध्यम से 
उन्हें प्रचारित किया जाता है 

मतदाता इसमें फंस जाता है 
बच्चों की तरह लॉलीपोपों से 
खुश हो जाता है 

वह झूठे आश्वासनों को 
सच्चा मान लेता है 
पार्टियों के फैलाये जाल में
फंस जाता है 

पार्टियां चाहती हैं कि 
मतदाता पांच साल तक 
उनके इशारों पर नाचता रहे 
न उनकी गरीबी दूर हो 
न कोई उनका विकास हो 

ताकि वो कभी भी 
सिर उठा कर उनका 
प्रतिकार नहीं कर सके  

ओ ! मेरे प्यारे देशवासियों 
देश को आजाद हुऐ 
पचहतर साल हो गए 
मगर तुम आज भी सोये हुए हो 

उठो जागो ! 
तुम में साहस है
तुम में योग्यता है 
तुम में कार्यकुशलता है  
इन झूठे प्रलोभनों में मत फंसो 
अपनी हक़ की लड़ाई लड़ो और जीतो।